रांची। डी॰ए॰बी॰ पब्लिक स्कूल, गाँधी नगर एवं राजभाषा विभाग सी॰सी॰एल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सी॰सी॰एल क्लब राँची में दिनांक 13.10.2026 एवं 14.10.2026 को द्वि दिवसीय हिन्दी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
आशुभाषण में कक्षा बारहवीं की छात्रा आकृति सिन्हा ने प्रथम प्ररस्कार एवं एकल अभिनय में रूद्र नारायण पाण्डेय ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किए। दोनों छात्र/छात्रा ने आत्मविश्वास और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट परिचय देते हुए अंतर विद्यालयी प्रतियोगिता में दो पुरस्कार अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से संपूर्ण विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।
विद्यालय की कक्षा बारहवीं की छात्रा आकृति सिन्हा ने आशुभाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर अपनी अद्भुत वक्तत्व क्षमता, त्वरित चिंतन शक्ति, भाषायी दक्षता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का परिचय दिया। उनके आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन ने उनकी उत्कृष्ट प्रतिभा को रेखांकित किया।
वहीं, कक्षा नौवीं के छात्र रुद्र नारायण पांडे ने एकल अभिनय प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सशक्त संवाद अदायगी, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट मंचीय कौशल के माध्यम से उन्होंने अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
विद्यार्थियों की इस दोहरी सफलता ने न केवल विद्यालय की प्रतिष्ठा में चार चाँद लगाए, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कुशल मार्गदर्शन के समन्वय से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या प्रियमदा झा ने दोनों विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की लगन, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
प्राचार्या ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा, “प्रतिभा की वास्तविक पहचान केवल पुरस्कारों से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदमों से होती है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी लगन, अनुशासन और सृजनात्मक क्षमता का सुंदर प्रतिफल है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की अंतर्निहित प्रतिभा को निखारकर उसे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।”
उन्होंने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्रा ने भी दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
