रांची: संसदीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान के चतुर्थ स्तम्भ अर्थात प्रेस/मीडिया के कार्य संपादन की प्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत होने के उद्धेश्य से कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी की छात्र-छात्राओं ने झारखण्ड की सुप्रतिष्ठित हिन्दी दैनिक समाचार-पत्र के कार्यालय-सह प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षणिक भ्रमण किया।
कलकत्ता पब्लिक स्कूल के छात्रगण निदेशक, श्री मिथिलेश कुमार मिश्र के साथ सर्वप्रथम प्रेस प्रबंधन के अधिकारियों से मिले। तत्पश्चात् प्रेस के सम्मेलन कक्ष में प्रबंधन के शीर्ष अधिकारी ने छात्रों को संवैधानिक व्यवस्था में समाचार पत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि किस प्रकार कार्यापालिका एवं विधायिका के समस्त कार्यों सहित जन सरोकार से जुड़े हुए विषय का संकलन करने के पश्चात् उसकी गहन जाँच-पड़ताल कर विश्लेषण के साथ समाचार का प्रकाशन अखबार के माध्यम से होता है। साथ ही न्यायपालिका के वैसे समस्त निर्णय, जो आम जनता के लिए जानने योग्य हैं, उन्हें भी प्रमुखता से समाचार पत्र में छापा जाता है।
संवाददाता तथा विभिन्न समाचार अभिकरणों एजेन्सी के माध्यम से प्राप्त समाचार का संकलन, संयोजन, के उपरांत उप सम्पादक, सम्पादक आदि के द्वारा उनका सम्यक विश्लेषण तथा किस पृष्ठ पर कितने कॉलम में कितनी जगह दी जाए, उनका क्रम क्या होगा, आदि विषयों के निर्णय के उपरांत समाचार प्रकाशित करने हेतु प्रेस में भेजे जाने की प्रक्रिया को बच्चों को विस्तारपूर्वक बताया गया।
इस क्रम में 25 से अधिक बच्चों यथाः सुश्री प्रशंसा झा, अपर्णा, लक्ष्मी, जिकरा, अदिति, वंशिका, रागिनी, आदि ने समाचार प्रकाशन से संबंधित सम्यक प्रश्न पूछे, जिसका समुचित उत्तर प्रबंधन द्वारा दिया गया।
प्रश्नोंतर सत्र के उपरांत स्कूल के निदेशक, श्री मिथिलेश कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन के क्रम में समाचार-पत्र समूह द्वारा लिए गए सात प्रमुख विषय यथाः- पर्यावरण, शिक्षा, नारी सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय, विकास जन जागरूकता तथा नवनोमेष के निमित्त किए गए कार्यो की सराहना करते हुए बच्चों के बौद्धिक विकास एवं पढ़ने की आदत में हो सकने योग्य सुधार के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आज के बाद छात्र समाचार-पत्रों को पढ़ने की आदत अवश्य बनाऐंगे, जो उनके शब्द भंडार लेखन शैली, विश्लेषण क्षमता सामयिक ज्ञान बढ़ाने में सहायक होगा और संघ लोक सेवा आयोग,प्रदेश लोक सेवा आयोग आदि की परीक्षा के लिए उपयोगी होगा।
प्रिंटिंग प्रेस में छात्रों को छपाई के तरीकों से अवगत कराते हुए बताया गया कि नवीनतम तकनीक की यह मशीन एक घंटे में 35,000 अखबार छापने में सक्षम है। लाल, नीला, पीला और काला रंग के संयोजन से किस प्रकार-समस्त प्रकार के रंग बनाए जाते है, यह भी बताया गया। छात्रों के साथ वरिष्ठ शिक्षक श्री अनुज कुमार तिवारी; श्रीमती शोभा कुमारी, तथा श्रीमती प्रीति क्षेत्री उपस्थित रही।
प्रबंधन की ओर से संस्थान का कॉफी टेबल बुक भेंट स्वरूप निदेशक, कलकत्ता पब्लिक स्कूल को समर्पित किया गया।
