रांची, 20 जुलाई 2026: वाईबीएन विश्वविद्यालय, रांची के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विधि संकाय की बी.बी.ए. एलएल.बी. (सेमेस्टर-IX) की छात्रा सुश्री श्रेया शुक्ला ने 1st Justice D.P. Gupta Moot Court Competition – 2026 में अपनी उत्कृष्ट वकालत एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए “Best Speaker Award” (सर्वश्रेष्ठ वक्ता पुरस्कार) प्राप्त किया है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की मूट कोर्ट प्रतियोगिता 17 एवं 18 जुलाई 2026 को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं विधि संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सुश्री श्रेया शुक्ला ने अपने उत्कृष्ट विधिक ज्ञान, प्रभावशाली तर्क, सशक्त अभिव्यक्ति एवं प्रभावी वक्तृत्व कौशल का परिचय देते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और “सर्वश्रेष्ठ वक्ता” का सम्मान प्राप्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर वाईबीएन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सत्यदेव पोद्दार तथा कुलसचिव डॉ. दीप्ति भार्गव ने सुश्री श्रेया शुक्ला को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी विधिक शिक्षा, मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं, शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
वाईबीएन ग्रुप की सीएमडी डॉ. अंकिता यादव ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुश्री श्रेया शुक्ला को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वाईबीएन विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि वाईबीएन विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक विधिक प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित करता है। सुश्री श्रेया शुक्ला की यह सफलता विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वाईबीएन विश्वविद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुनः सुश्री श्रेया शुक्ला को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।