गंगा आरती में उमड़ी भक्तों की भीड़, आयोजन को सफल बनाने में संजय सिंह व अंकित सिंह ने निभाई सक्रिय भूमिका
रांची/तुपुदाना: नाग पंचमी की पूर्व संध्या पर तुपुदाना में परम निर्मल नगर स्थित श्री श्री 108 नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। धार्मिक और भक्तिमय माहौल के बीच आयोजित इस विशेष गंगा आरती में बड़ी संख्या में तुपुदाना क्षेत्र के श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ गंगा आरती में हिस्सा लिया। दीपों की रोशनी और भक्ति गीतों के बीच जब आरती शुरू हुई तो वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान नर्मदेश्वर महादेव से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और सभी लोगों के कल्याण की कामना की। नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग आरती में शामिल होने पहुंचे।
गंगा आरती के दौरान मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में तुपुदाना क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में संजय सिंह एवं अंकित सिंह सहित तुपुदाना वासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में आपसी भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। बताते चलें कि नाग पंचमी की पूर्व संध्या पर आयोजित यह गंगा आरती तुपुदाना वासियों के लिए श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से भरी यादगार शाम बन गई।
